भीड़भाड़ वाले बाजार में चली ताबड़तोड़ गोलियां, एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार
कपूरथला जिले के कस्बा बेगोवाल स्थित सतगुरु राखा चौक में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब CIA कपूरथला की पुलिस टीम और नशा तस्करों के बीच सीधा मुकाबला हो गया। नशा विरोधी विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में सब्जी खरीदने आए गांव नादाली के पूर्व सरपंच सतपाल सिंह घायल हो गए। गोली उनकी टांग में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) गौरव तूरा ने बताया कि CIA टीम को इलाके में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर बेगोवाल के पास जाल बिछाया गया था। पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम ने संदिग्धों को घेरने की कोशिश की, आरोपियों ने भागने के इरादे से पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिमन्यु पुत्र राम लुभाया निवासी वार्ड नंबर 2, थाना टांडा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दूसरे आरोपी हरचरण सिंह पुत्र राजपाल सिंह, निवासी थाना श्री हरगोबिंदपुर, बटाला ने सतगुरु राखा चौक के पास पुलिस पर दोबारा फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान करीब पांच से छह राउंड फायरिंग हुई, जिससे भीड़भाड़ वाले बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। SSP गौरव तूरा ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह मात्रा NDPS एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है। घटना की सूचना मिलते ही SSP गौरव तूरा और SP (डी) हरिंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फरार आरोपी की तलाश में पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर सख्त नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। फरार तस्कर के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान इलाके में सक्रिय बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।
Posted By: Daily Suraj Bureau