माछीवाड़ा में तीन दिनों के भीतर नशे ने ली दो युवाओं की जान; भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल

माछीवाड़ा में तीन दिनों के भीतर नशे ने ली दो युवाओं की जान; भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल

माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र में महज तीन दिनों के भीतर नशे की ओवरडोज के कारण दो युवकों की हुई दर्दनाक मौत से इलाके में शोक और रोष का माहौल है। इन घटनाओं के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लुधियाना ग्रामीण जिला अध्यक्ष गगनदीप सन्नी कैंथ ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गगनदीप सन्नी कैंथ ने कहा कि सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के इलाके में दौरे के मद्देनजर पुलिस द्वारा पिछले तीन दिनों से चप्पे-चप्पे पर कड़ी चौकसी और गश्त के दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद नशा तस्कर पूरी तरह बेखौफ होकर युवाओं को सरेआम मौत बांट रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है। दुबई से लौटे युवक के बाद फैक्ट्री कर्मी ने गंवाई जान घटनाओं का विवरण साझा करते हुए सन्नी कैंथ ने बताया कि दो दिन पहले दुबई से कमाई करके वापस लौटे इंदिरा कॉलोनी निवासी गगनदीप सिंह की नशे की ओवरडोज के कारण मौत हो गई थी। अभी उस परिवार के आंसू भी नहीं थमे थे कि माछीवाड़ा-नूरपुर रोड पर एक कच्चे रास्ते से फैक्ट्री कर्मी भूपिंदर सिंह का शव बरामद हुआ, जिसके पास से एक सिरिंज भी मिली है। कैंथ ने कहा कि मृतक भूपिंदर सिंह के बेबस पिता अमरदीप सिंह का यह बयान पंजाब के हर संवेदनशील नागरिक के दिल को झकझोरने वाला है कि उनके बेटे ने खाना खाने के बहाने उनसे 500 रुपये लिए थे और उन्हीं पैसों से नशे का इंजेक्शन खरीदकर अपनी जान गंवा दी। भाजपा नेता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात किए जा सकते हैं, लेकिन पंजाब की जवानी को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए सरकार के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही इच्छाशक्ति। बड़े नशा सौदागरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग जिला अध्यक्ष ने मांग की कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए महज दिखावे के तौर पर छोटे तस्करों को पकड़ने की प्रथा तुरंत बंद की जानी चाहिए। पीड़ित परिवार की मांग का पुरजोर समर्थन करते हुए उन्होंने क्षेत्र में जहर सप्लाई करने वाले बड़े सरगनाओं की गहन जांच करवाने और उनके खिलाफ सीधे तौर पर हत्या (Murder) के मामले दर्ज कर सख्त सजा सुनिश्चित करने की अपील की। अंत में गगनदीप सन्नी कैंथ ने चेतावनी दी कि यदि माछीवाड़ा और समूचे लुधियाना ग्रामीण क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय जनता पार्टी जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी और सरकार की विफलता के विरुद्ध तीखा जन आंदोलन शुरू करेगी।