Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब पुलिस की अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई, मलेशिया से डिपोर्ट किए गए दो KZF ऑपरेटिव्स गिरफ्तार

19 Jun, 2026 08:22 AM

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और रॉयल मलेशिया पुलिस (RMP) के सहयोग से चलाए गए एक खुफिया अभियान के तहत प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) से जुड़े दो वांछित आरोपियों को मलेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया है। दोनों आरोपियों को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच के लिए पंजाब ले जाया गया। पंजाब पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबाला निवासी गुरविंदर सिंह और पटियाला निवासी मनजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मलेशिया में सक्रिय KZF समर्थित आतंकी मॉड्यूल की महत्वपूर्ण कड़ी थे और पंजाब में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) सहित महत्वपूर्ण रेलवे ढांचों को निशाना बनाने की साजिश में शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इससे पहले 23 जनवरी 2026 को सरहिंद (जिला फतेहगढ़ साहिब) के पास रेलवे फ्रेट कॉरिडोर लाइन पर हुए IED विस्फोट और 27 अप्रैल 2026 को शंभू (जिला पटियाला) के निकट इसी कॉरिडोर पर विस्फोट की कोशिश करने वाले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया था, जिनमें RPG लॉन्चर, IED, RDX, हैंड ग्रेनेड और आधुनिक पिस्तौलें शामिल थीं। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि इस अंतरराष्ट्रीय साजिश में मलेशिया में बैठे KZF हैंडलरों और वित्तीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका थी। जांच एजेंसियों के अनुसार डिपोर्ट किए गए दोनों आरोपी विदेशी बैंक खातों के माध्यम से KZF ऑपरेटिव्स तक आतंकी गतिविधियों के लिए धन पहुंचाने, पंजाब में आतंकी हमलों की साजिशों को वित्तीय सहायता देने और राज्य की कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में शामिल थे। दोनों आरोपियों को पटियाला की अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News