केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लगी मुहर: सीएम भगवंत मान बोले— 'सर्वेक्षण के आधार पर तय किए गए टिकट'
आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ('आप') ने अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर विरोधी दलों से बढ़त बना ली है। जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र धूरी से ही चुनाव मैदान में उतरेंगे, जबकि पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान को फिर से धूरी से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उन सभी राजनीतिक अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें उनके सीट बदलने की बातें कही जा रही थीं। मौजूदा 40 विधायकों पर जताया भरोसा इस पहली सूची में पार्टी ने अपने 40 मौजूदा विधायकों को ही दोबारा मैदान में उतारा है। इनमें कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा (जो इस समय जेल में हैं) को लुधियाना पश्चिम से फिर से प्रत्याशी घोषित किया गया है। संजीव अरोड़ा को छोड़कर अन्य कैबिनेट मंत्रियों के नामों को फिलहाल इस सूची से बाहर रखा गया है। इसके अलावा 4 मौजूदा महिला विधायकों—मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, बलाचौर से संतोश कटारिया और तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर को भी फिर से मौका दिया गया है। क्षेत्रीय संतुलन की बात करें तो पहली सूची में मालवा की 27, दोआबा की 8 और माझा की 5 सीटों से प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में इस समय आम आदमी पार्टी के 94 विधायक हैं। पार्टी द्वारा हाल ही में नियुक्त किए गए 19 नए हलका प्रभारियों के नामों का ऐलान दूसरी सूची में होने की संभावना है। केजरीवाल की मौजूदगी में पीएसी की बैठक, 'जन सर्वेक्षण' बना आधार उम्मीदवारों की घोषणा से पहले 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा मौजूद रहे, जहां सूची पर अंतिम मुहर लगाई गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि उम्मीदवारों का चयन जनता के बीच कराए गए सर्वेक्षण के आधार पर किया गया है। जिस नेता को क्षेत्र की जनता का समर्थन मिला, उसे ही टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि समय से पहले प्रत्याशियों के ऐलान से उन्हें जनता के बीच जाने का पूरा मौका मिलेगा, जबकि कांग्रेस बगावत के डर से अपने टिकट तय करने में देरी करती है। पांच विधायकों को लगातार तीसरी बार मौका पहली सूची में 5 मौजूदा विधायकों को पार्टी की तरफ से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया है। इनमें कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, निहाल सिंह वाला से मंजीत सिंह बिलासपुर और गढ़शंकर से जय कृष्ण रोड़ी शामिल हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित बाकी 35 विधायक दूसरी बार 'आप' के टिकट पर चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।