न्यूयॉर्क में यूएन मुख्यालय के बाहर आत्मदाह की घटना, जांच में जुटी पुलिस

न्यूयॉर्क में यूएन मुख्यालय के बाहर आत्मदाह की घटना, जांच में जुटी पुलिस

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर स्थित संयुक्त राष्ट्र (यूएन) मुख्यालय के बाहर गुरुवार शाम एक चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तुरंत आग बुझाई तथा उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, आत्मदाह करने से पहले उस व्यक्ति ने सड़क किनारे तिब्बती राष्ट्रीय ध्वज लगाया था। इसके बाद उसने खुद को आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना संयुक्त राष्ट्र परिसर में लगे सुरक्षा कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे मैनहट्टन में ईस्ट 42वीं और 43वीं स्ट्रीट तथा फर्स्ट एवेन्यू के निकट स्थित संयुक्त राष्ट्र परिसर के बाहर हुई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल से तिब्बती ध्वज और "चाइना आउट ऑफ तिब्बत" लिखा एक बोर्ड बरामद किया है। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से फर्स्ट एवेन्यू को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। सोशल मीडिया पर कुछ कार्यकर्ताओं ने मृतक की पहचान एक तिब्बती कार्यकर्ता के रूप में की है, जो घटना से पहले फेसबुक पर लाइव भी हुआ था। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि तिब्बत पर चीन के नियंत्रण के विरोध में पहले भी तिब्बती कार्यकर्ताओं और बौद्ध भिक्षुओं द्वारा आत्मदाह की घटनाएं सामने आती रही हैं। वहीं, केंद्रीय तिब्बती प्रशासन लगातार अपने कार्यकर्ताओं से ऐसे कदम उठाने से बचने की अपील करता रहा है। फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस और संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं। संयुक्त राष्ट्र की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने कहा है कि घटना के समय सभी आधिकारिक बैठकें समाप्त हो चुकी थीं, इसलिए संगठन के नियमित कार्यों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।