फोन नहीं उठाने पर 'सबक सिखाने' के लिए फायरिंग का दावा, ब्रैम्पटन की घटना का वीडियो वायरल
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में एक मिठाई की दुकान पर कार सवार लोगों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बीच, 'आरजू बिश्नोई' नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट साझा कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि फायरिंग आरजू बिश्नोई, उसके छोटे भाई टाइसन बिश्नोई और शुभम लोकार ने की। पोस्ट के अनुसार, वे कई दिनों से दुकान के मालिक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। दावा किया गया कि इसी वजह से उसे "सबक सिखाने" और अपनी पहचान बताने के लिए फायरिंग की गई। पोस्ट में यह भी कहा गया कि बिश्नोई भाइयों के अलग होने की अफवाहें गलत हैं और सभी एकजुट हैं। सोशल मीडिया पर वायरल लाइव वीडियो में देखा जा सकता है कि कार में बैठा एक व्यक्ति पहले पिस्तौल में गोलियों की मैगजीन लोड करता है। इसके बाद वाहन को थोड़ा आगे बढ़ाकर दुकान की ओर सीधे 6 से 7 गोलियां चलाई जाती हैं। दूसरी ओर, स्थानीय पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवतः दुकान के मालिक ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई है। जब घटना की पुष्टि के लिए दुकान के मालिक से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने किसी भी तरह की फायरिंग की घटना से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने परिचितों के माध्यम से मीडिया से इस संबंध में खबर प्रकाशित नहीं करने का अनुरोध भी कराया। फिलहाल, स्थानीय मीडिया ने किसी व्यक्ति का नाम सार्वजनिक किए बिना इस फायरिंग की घटना से जुड़ी खबर प्रकाशित की है।
Leave a Reply