पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

भारतीय निशानेबाजी जगत के दिग्गज खिलाड़ी और कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, जसपाल राणा म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारत लौट रहे थे। उड़ान के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया गया, जहां हृदय संबंधी बीमारी के उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जसपाल राणा का निधन भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लिखा कि जसपाल राणा ने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया और एक मार्गदर्शक के रूप में भी उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा के साथ प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका अनुशासन, उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार, मित्रों और पूरे खेल समुदाय के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 'एक्स' पर शोक संदेश साझा करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त निशानेबाज जसपाल राणा के आकस्मिक निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ सरल, विनम्र और दयालु व्यक्तित्व के धनी थे। भारत में शूटिंग को लोकप्रिय बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि जसपाल राणा ने विश्व शूटिंग चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।