Daily Suraj

हिन्दी

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष के बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस करेगी पुतला दहन

19 Jun, 2026 08:32 AM

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाबियों को कथित रूप से "इमोशनल ब्लडी फूल" कहे जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस कथित टिप्पणी के विरोध में पंजाब कांग्रेस ने आज राज्यभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार सभी जिलों में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के पुतले भी फूंके जाएंगे। पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच हमेशा से पंजाब विरोधी रही है। उनका कहना है कि पंजाब के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने पंजाबियों के प्रति कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की भी मांग की है। गौरतलब है कि हाल ही में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह कथित तौर पर पंजाबियों के लिए "इमोशनल ब्लडी फूल" शब्द का इस्तेमाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, जतिंदर पाल मल्होत्रा ने बुधवार शाम अपना स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनकी वीडियो का केवल एक हिस्सा दिखाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अमृतसर में जन्मे और पले-बढ़े हैं तथा पंजाबियों के बारे में ऐसा सोच भी नहीं सकते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी जानबूझकर भाजपा और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए लोगों को भ्रमित कर रही है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News