रक्षाबंधन पर पंजाब की 70.92 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची सम्मान राशि, 1 करोड़ को जोड़ने का लक्ष्य

रक्षाबंधन पर पंजाब की 70.92 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची सम्मान राशि, 1 करोड़ को जोड़ने का लक्ष्य

पंजाब सरकार ने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत अब तक कुल 70.92 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचा दी है। बाबा बकाला साहिब में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने योजना के तहत 5.30 लाख और महिलाओं के खातों में तीन महीने की ‘सम्मान राशि’ के तौर पर 181.50 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए। नई किस्त जारी होने के बाद योजना के कुल लाभार्थियों की संख्या 70.92 लाख हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि सरकार का लक्ष्य पंजाब की 1 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ पहुंचाना है। योजना के लिए पंजीकरण में सहायता करने वाली 1.38 लाख ‘सत्कार सखियों’ को अब तक 51 करोड़ रुपये का मानदेय दिया जा चुका है। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी 25 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। मौजूदा पंजीकरण के आधार पर इस योजना पर सालाना 10,492.80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह राशि प्रति माह 874.40 करोड़ रुपये बैठती है। औसतन महिलाओं को प्रतिदिन 28.74 करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिलने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, योजना के लिए महिलाओं का पंजीकरण 75.50 लाख पर रुक गया है। इससे पहले इस योजना का लाभ 90 लाख महिलाओं तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। पंजाब में महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ से अधिक है, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं अभी भी इस योजना से नहीं जुड़ी हैं। अगस्त महीने में योजना के लिए नए पंजीकरण की रफ्तार भी काफी धीमी रही है। योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये, जबकि दलित वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह सम्मान भत्ता दिया जा रहा है।