शुभेंदु अधिकारी सरकार का पहला बड़ा विस्तार, मंत्रिपरिषद में शामिल हुए 35 मंत्री

शुभेंदु अधिकारी सरकार का पहला बड़ा विस्तार, मंत्रिपरिषद में शामिल हुए 35 मंत्री

पश्चिम Bengal की नई निर्वाचित भाजपा सरकार में मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार किया गया। इस दौरान 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कोलकाता स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। कैबिनेट विस्तार के तहत 13 नेताओं को कैबिनेट मंत्री, 3 को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 को राज्य मंत्री बनाया गया है। इस विस्तार के बाद पश्चिम बंगाल में मंत्रिपरिषद के सदस्यों की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है। जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर 35 नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया था। इसके बाद सोमवार को इन 35 भाजपा विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत में सबसे पहले अर्जुन सिंह, तापस राय, शरद्वत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और शंकर घोष ने मंत्री पद की शपथ ली। दूसरे चरण में भाजपा विधायक दीपक बर्मन, मनोज उरांव और गौरी शंकर घोष ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इसके बाद स्वपन दासगुप्ता और दुग्ध कुमार मंडल ने भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में जोएल मुर्मू, अशोक डिंडा और आनंदमयी बर्मन ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं भाजपा विधायक कौशिक चौधरी, गार्गी दास घोष, भास्कर भट्टाचार्य, दिबाकर घरामी और सुमना सरकार ने भी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। गौरतलब है कि इससे पहले 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, निशीथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और क्षुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी।