पंजाब चुनाव: 'आप' उम्मीदवारों की दूसरी सूची के बाद पार्टी में सियासी घमासान, राजासांसी से तीन नेताओं के इस्तीफे

पंजाब चुनाव: 'आप' उम्मीदवारों की दूसरी सूची के बाद पार्टी में सियासी घमासान, राजासांसी से तीन नेताओं के इस्तीफे

आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। जहां एक ओर टिकट हासिल करने वाले नेताओं के घरों में जश्न का माहौल है और ढोल बज रहे हैं, वहीं टिकट से वंचित रह गए दावेदारों और मौजूदा विधायकों में निराशा देखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि 'आप' ने अपनी पहली सूची में सभी मौजूदा 40 विधायकों को दोबारा मैदान में उतारा था, लेकिन अब दूसरी सूची में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के अलावा सात अन्य विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।राजासांसी में इस्तीफों की झड़ी और चमकौर साहिब में बगावती तेवर अमृतसर जिले के राजासांसी विधानसभा क्षेत्र से सोनिया मान को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी के तीन वरिष्ठ स्थानीय नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं। इनमें पंजाब डेयरी विकास बोर्ड के निदेशक सुखदीप सिंह छीना शामिल हैं, जिन्होंने वरिष्ठता को नजरअंदाज किए जाने का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। इसके अतिरिक्त, राजासांसी के हलका प्रभारी राजबीर सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जबकि 'आप' के अनुसूचित जाति विंग के हलका समन्वयक गुरदेव सिंह जोबन झंजोटी ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है।दूसरी ओर, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले विधायक डॉ. चरणजीत सिंह में भी पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी है, क्योंकि पार्टी ने चमकौर साहिब सीट से जसवीर सिंह गढ़ी को अपना प्रत्याशी बनाया है। विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने स्पष्ट ऐलान किया है कि वे हर हाल में चमकौर साहिब हलके से ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगे या किसी अन्य राजनीतिक दल के टिकट पर, इसे लेकर उन्होंने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इसी तरह शुतराणा से विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने भी टिकट कटने के बाद फिलहाल चुप्पी साध रखी है। उधर, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने पार्टी के फैसले को स्वीकार कर लिया है, जबकि जेल में बंद विधायक लालजीत सिंह भुल्लर ने टिकटों की घोषणा से पहले ही चुनाव न लड़ने की बात कह दी थी। अनमोल गगन मान का स्पष्टीकरण और पार्टी नेतृत्व की चिंता खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने 5 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे दिल्ली में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर स्वयं ही चुनाव न लड़ने के बारे में बता दिया था। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले भी केजरीवाल ने फोन कर उनसे पूछा था, तब भी उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। अनमोल गगन मान ने यह फैसला खुद लेने की बात कहते हुए पार्टी को शुभकामनाएं भी दीं।गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के तीन विधायक—हरमीत सिंह पठानमाजरा, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में अब 'आप' नेतृत्व को यह आशंका सता रही है कि टिकट न मिलने की स्थिति में अन्य चेहरे भी दूसरे दलों का रुख कर सकते हैं, जिसके चलते पार्टी बाकी सीटों पर बेहद संभलकर कदम रख रही है।चब्बेवाल परिवार में दोहरी खुशी, अन्य सीटों पर बढ़ी धड़कनें सियासी नाराजगी के उलट चब्बेवाल परिवार में खुशी का माहौल है, क्योंकि पार्टी ने इस परिवार को एक नहीं बल्कि दो-दो टिकट दिए हैं। इशांत चब्बेवाल को दोबारा चब्बेवाल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि उनके पिता डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। इसी प्रकार तीसरी बार टिकट मिलने के बाद जगरांव की विधायक सर्वजीत कौर मानूके ने खुशी जताई है। फिलहाल, जिन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना अभी बाकी है, वहां के दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं और सबसे बड़ी चुनौती उन हलकों में है जहां मौजूदा विधायकों की जगह नए चेहरे उतारे जाने हैं।