ईरान की राजधानी तेहरान पर इज़राइल का हमला, हवाई क्षेत्र बंद
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई शहरों पर मिसाइल हमले किए, जिससे कई स्थानों पर आग लग गई और आसमान में धुएं के गुबार देखे गए। यह हमला उस समय किया गया जब अमेरिका के साथ परमाणु मुद्दे पर बातचीत चल रही थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह सैन्य कार्रवाई अमेरिका के सहयोग से की गई, जिसमें ईरान के विभिन्न हिस्सों को निशाना बनाते हुए कई मिसाइलें दागी गईं। हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया। भारतीय समयानुसार यह हमला सुबह के समय हुआ। हमलों के तुरंत बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया और पूरे एयरस्पेस को खाली करा लिया। साथ ही, तेहरान और अन्य शहरों में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। खामेनेई के कार्यालय के आसपास भी हमले की सूचना है। इजराइल और अमेरिका की इस कार्रवाई के बाद ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह जवाबी हमले के लिए तैयार है और जल्द ही कार्रवाई की जा सकती है। ईरान ने अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा है, हालांकि घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइल द्वारा किए गए हवाई हमले देश के कई हिस्सों में एक साथ किए गए, जिससे यह संकेत मिलता है कि यह एक व्यापक सैन्य अभियान था। इन हमलों के चलते पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं और कई शहरों में लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। इस बीच, ईरान ने मोबाइल फोन सेवाएं भी बंद कर दी हैं। वहीं, पड़ोसी देश इराक ने भी एहतियातन अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इजराइली सेना ने शनिवार को पूरे देश में एयर रेड सायरन बजाकर लोगों को सतर्क कर दिया है। सेना का कहना है कि यह कदम संभावित जवाबी हमलों के मद्देनजर उठाया गया है, क्योंकि ईरान की ओर से मिसाइल हमलों की आशंका जताई जा रही है। यह घटनाक्रम पहले से ही तनावपूर्ण मध्य पूर्व क्षेत्र में हालात को और गंभीर बना सकता है। इजराइल ने अपनी सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कड़े कदम उठाने के संकेत दिए हैं, जबकि पूरी दुनिया की नजर अब ईरान की अगली प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है। कई देशों ने इस स्थिति पर चिंता जताई है, क्योंकि यह टकराव बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।
Leave a Reply