पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 किलो हेरोइन और 10 अवैध पिस्तौल के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत सीमा पार से चलाए जा रहे हथियार और नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्क्स का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 किलो हेरोइन और 10 अवैध पिस्तौल बरामद किए हैं। इस बात की जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजनप्रीत सिंह (निवासी गल्लूवाल), विजय (निवासी राजाताल कॉलोनी, घरिंडा), पारसदीप सिंह उर्फ बिल्ला (निवासी कंबोआ) और गुरमुख सिंह उर्फ बोदी (निवासी काहनगढ़, अटारी) के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से यह बात सामने आई है कि इन आरोपियों के तार विदेशों में बैठे तस्करों से जुड़े हुए थे, जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं। इस पूरे सिंडिकेट का दायरा खंगालने और इसके पिछले तथा अगले संपर्कों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस) का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई के विस्तृत आंकड़े साझा करते हुए बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) गुरप्रीत सिंह भुलर ने बताया कि पहले ऑपरेशन के तहत अवैध हथियारों की सप्लाई की पुख्ता सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की पुलिस टीम ने राजनप्रीत सिंह और विजय को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल बरामद किए। आईजीपी ने आगे बताया कि दूसरे ऑपरेशन में सीमा पार से संचालित नशा तस्करी के नेटवर्क के बारे में मिली ठोस सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की टीमों ने पारसदीप सिंह उर्फ बिल्ला और गुरमुख सिंह उर्फ बोदी को गिरफ्तार किया और उनके पास से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पारसदीप एक कुख्यात तस्कर है जो इस क्षेत्र में ड्रग कार्टेल चला रहा था। अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि इस संबंध में थाना घरिंडा (अमृतसर ग्रामीण) में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत 27 सितंबर 2026 को एफआईआर नंबर 422 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत 28 सितंबर 2026 को एफआईआर नंबर 423 दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में संलिप्त अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए गहनता से पूछताछ की जा रही है।
Leave a Reply