वाइरल ऑडियो मामला: विरसा सिंह वल्टोहा का AAP सरकार पर गंभीर आरोप, बोले- फर्जी AI ऑडियो के जरिए किया जा रहा बदनाम

वाइरल ऑडियो मामला: विरसा सिंह वल्टोहा का AAP सरकार पर गंभीर आरोप, बोले- फर्जी AI ऑडियो के जरिए किया जा रहा बदनाम

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता विरसा सिंह वल्टोहा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार की गई एक फर्जी ऑडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर वायरल करके उनकी और उनकी पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। अमृतसर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए अकाली नेता ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के किसी पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जानी चाहिए। वल्टोहा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार इस समय राज्य के वास्तविक और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के हथकंडे अपना रही है। गौरतलब है कि हाल ही में विरसा सिंह वल्टोहा और बहरीन निवासी एक महिला के बीच कथित बातचीत की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है। इसी महिला ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सदस्य अमरजीत सिंह चावला पर दुष्कर्म जैसे संगीन आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अकाली नेता वल्टोहा ने संबंधित महिला पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उसे अकाली दल के नेताओं के खिलाफ एक मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। आनंदपुर साहिब में दर्ज हुई प्राथमिकी (FIR) का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह एफआईआर लगभग एक महीने पहले दर्ज की गई थी, लेकिन इसे अब तब सार्वजनिक किया गया जब अमरजीत सिंह चावला ने इस पर आशंका जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि एफआईआर एक कानूनी दस्तावेज़ होता है, जिसे सरकार द्वारा मीडिया के जरिए प्रचारित किया जा रहा है, जिससे सरकार की नीयत और मंशा पूरी तरह स्पष्ट हो जाती है।