गुरुपर्व पर फिर एक साथ आए अकाली दल और भाजपा, अमित शाह ने शिअद को बताया 'बड़ा भाई' और मुख्यमंत्री चेहरा
पंजाब की राजनीति में एक बड़ा बदलाव लाते हुए श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच फिर से गठबंधन की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। नई दिल्ली में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस साझेदारी का ऐलान किया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ-साथ पंजाब भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का वरिष्ठ नेतृत्व भी विशेष रूप से मौजूद रहा।गठबंधन की घोषणा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल 'बड़े भाई' की भूमिका में रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 'बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री का चेहरा होता है।' उनके इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में गठबंधन की अगुवाई अकाली दल ही करेगा। गठबंधन के महत्व पर जोर देते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा कि अकाली दल के दोबारा साथ आने से किसानों के मुद्दों को सुलझाने और हिंदू-सिख एकता को आगे बढ़ाने के भाजपा के संकल्प को बड़ी मजबूती मिलेगी। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने इस साझेदारी को केवल एक राजनीतिक समझौता न बताते हुए 'नाखून-मांस का रिश्ता' करार दिया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने सभी संगत को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच यह गठबंधन सिख कौम और पंजाब के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, और इस साझेदारी के चलते पंजाब में हमेशा अमन-शांति तथा आपसी भाईचारा मजबूत रहा है।अपनी पार्टी के ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल 106 वर्ष पुराना संगठन है, जिसका देश, पंजाब और सिख कौम के हर मुद्दे व संघर्ष में सबसे बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दलों की यह दोबारा हुई साझेदारी पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए नया मार्ग प्रशस्त करेगी। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि अकाली दल के साथ यह गठबंधन पंजाब के लोगों की भलाई और राज्य में हिंदू-सिख भाईचारे को सुदृढ़ करने के लिए एक अत्यंत स्वाभाविक (Natural) गठबंधन है। उल्लेखनीय है कि किसान आंदोलन के दौरान वर्ष 2020 में दोनों दलों का दशकों पुराना गठबंधन टूट गया था, लेकिन अब करीब छह वर्ष बाद दोनों पार्टियों ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है।