सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शिरोमणि कमेटी के अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री हरमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय में जलौ सजाए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, गुरुद्वारा मंजी साहिब में विशेष गुरमति समागम आयोजित किया गया, जहां श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और गुरबाणी का कीर्तन चल रहा है। उन्होंने बताया कि रात के समय दीपमाला की जाएगी और आतिशबाजी भी चलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, सुबह सिख संगत की ओर से गुरुद्वारा भाई वीर सिंह निवास से श्री हरमंदिर साहिब तक प्रभात फेरी भी सजाई गई। गुरुपर्व के इस अवसर पर सिख संगतों द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर लंगर भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही अन्य विभिन्न गुरुद्वारों में भी श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा भाव से मनाया गया है।