कनाडा के सरे शहर में देर रात फायरिंग, दो व्यक्तियों ने मौके पर तोड़ा दम
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में रविवार देर रात एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की अंडरग्राउंड पार्किंग में हुई गोलीबारी में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सरे पुलिस के अनुसार रात करीब 10 बजे न्यूटन इलाके की 133बी स्ट्रीट के 7000 ब्लॉक स्थित एक रिहायशी इमारत की पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंची पुलिस को दो व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस अधिकारियों और आपातकालीन स्वास्थ्य कर्मियों ने दोनों की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस मामले की जांच अब एकीकृत हत्या जांच टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस ने अभी तक किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और न ही किसी संदिग्ध का विवरण जारी किया गया है। गोलीबारी के पीछे के कारणों का भी अभी खुलासा नहीं किया गया है। यह रविवार को न्यूटन क्षेत्र में हुई दूसरी गोलीबारी की घटना है। इससे पहले सुबह करीब 4 बजे 152वीं स्ट्रीट के 7100 ब्लॉक में स्थित एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग हुई थी, जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में इस गोलीबारी का जबरन वसूली के किसी मामले से संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।
Posted By: Daily Suraj Bureau