Daily Suraj

हिन्दी

किसानों के प्रदर्शन से चंडीगढ़ सीमा पर तनाव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

15 May, 2026 03:43 PM

संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़ी किसान संगठनों द्वारा शुक्रवार को मोहाली से चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस तक मार्च निकाला गया। इस विरोध मार्च में हजारों किसान शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान किसानों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे किसानों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। किसान कर्ज माफी, कर्ज सीमा बढ़ाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने दो सीमावर्ती मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया, जिससे आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब से लगने वाली सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर इलाके को सील कर दिया। पुलिस के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News