संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ आज: मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी फूंकेंगे 2027 पंजाब चुनाव का बिगुल
पंजाब के संगरूर स्थित फग्गूवाला गांव में बुधवार को आयोजित होने जा रही कांग्रेस की राज्य स्तरीय ‘इंसाफ रैली’ की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस विशाल रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। उनके साथ पंजाब कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे। कांग्रेस पार्टी के नेताओं के अनुसार, यह विशाल रैली 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करेगी। इसके साथ ही, यह मंच पंजाब के अधिकारों, इंसाफ और राज्य के बेहतर भविष्य की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का काम करेगा। रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और जालंधर छावनी से विधायक परगट सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह विशाल जनसभा बदलाव के बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई भगवंत मान सरकार के पतन की नींव रखेगी। रैली के मुख्य आयोजक और पूर्व मंत्री विजय इंद्र सिंगला ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि करीब 12 एकड़ में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। कार्यकर्ताओं और आम जनता के बैठने के लिए पंडाल में 25 हजार कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।