Daily Suraj

हिन्दी

कैनेडा सरकार की नागरिकों को सलाह: आपात स्थिति के लिए घरों में रखें 72 घंटे का राशन और पानी

04 Nov, 2026 10:32 AM

कैनेडा सरकार ने अपने नागरिकों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कम से कम 72 घंटों की तैयारी रखने की अपनी पुरानी एडवाइजरी को एक बार फिर दोहराया है। सरकार का कहना है कि लोगों को ऐसी पूर्व तैयारी रखनी चाहिए कि बिजली या पानी की आपूर्ति ठप होने की स्थिति में वे कम से कम तीन दिनों तक अपने परिवार की बुनियादी जरूरतों की देखभाल खुद कर सकें। फेडरल विभाग 'पब्लिक सेफ्टी कैनेडा' की प्रवक्ता जा राह मलिक ने मीडिया को बताया कि कैनेडियन नागरिकों को पिछले कई वर्षों से यह सलाह दी जा रही है। इसके तहत पीने का साफ पानी, लंबे समय तक खराब न होने वाले खाद्य पदार्थ और अन्य आवश्यक वस्तुएं घर में संग्रहित करने के लिए कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक 72 घंटे की तैयारी एक न्यूनतम सिफारिश है, क्योंकि कुछ इलाकों में आवश्यक सेवाओं की बहाली और राहत टीमों के पहुंचने में इससे अधिक समय भी लग सकता है। यह सलाह ऐसे समय में सामने आई है जब ब्रिटेन, फ्रांस, जापान और यूरोपीय आयोग जैसी वैश्विक ताकतों ने भी अपने नागरिकों को आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए हैं। ब्रिटेन में 'बी रेडी' अभियान के तहत साइबर हमलों और खराब मौसम के कारण बुनियादी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। फ्रांस के नॉर्मंडी क्षेत्र ने भी लोगों को 72 घंटे का आवश्यक सामान युक्त 'इमरजेंसी बैग' तैयार रखने की सलाह दी है, जबकि जापान ने भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने के लिए नई राष्ट्रीय एजेंसी का गठन कर तीन दिन का राशन-पानी सुरक्षित रखने को कहा है। हालांकि, इन देशों द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के बीच किसी साझा वैश्विक योजना या किसी विशिष्ट आगामी घटना से संबंध का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। दूसरी ओर, 'डिजास्टर रिकवरी इंस्टीट्यूट ऑफ कैनेडा' की विशेषज्ञ सुज़ैन बर्नीयर का मानना है कि बदलते वैश्विक हालात में 72 घंटे की तैयारी भी पर्याप्त नहीं है। जंगलों की आग, बाढ़, प्राकृतिक आपदाओं और साइबर हमलों के बढ़ते खतरों को देखते हुए उन्होंने कैनेडियन नागरिकों को कम से कम सात दिनों (एक सप्ताह) के लिए भोजन और आवश्यक वस्तुओं का प्रबंध करने तथा एक इमरजेंसी बैग तैयार रखने का सुझाव दिया है। वहीं, 'इमरजेंसी मैनेजमेंट लॉजिस्टिक्स कैनेडा' के सह-संस्थापक स्कॉट कैमरून ने भी लोगों को व्यक्तिगत के साथ-साथ सामुदायिक स्तर पर राशन आपूर्ति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी रखने की अपील की है।

Latest News