Daily Suraj

हिन्दी

नॉर्थ साइप्रस के पास 270 लोगों से भरी नाव पलटी, 159 यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया

30 Aug, 2026 06:12 PM

नॉर्थ साइप्रस के पास करीब 270 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। कैटामरैन शैली की यह नाव तुर्किये के मर्सिन प्रांत स्थित तासुुकु बंदरगाह की ओर जा रही थी। नाव ने उत्तरी साइप्रस के कायरेनिया बंदरगाह से अपनी यात्रा शुरू की थी। हादसे की सूचना मिलते ही तुर्किये-साइप्रस कोस्ट गार्ड की नावें राहत और बचाव कार्य के लिए तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक रेस्क्यू हेलीकॉप्टर को भी बैकअप के तौर पर तैनात किया गया। इसके अलावा, कायरेनिया बंदरगाह के आसपास मौजूद निजी और वाणिज्यिक नावें भी लोगों को बचाने के लिए समुद्र में उतर गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव के भीतर अचानक पानी भरना शुरू हो गया था। इसके बाद नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव में 262 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। इस तरह हादसे के समय कुल 270 लोगों की जान खतरे में थी। बचाव दल की तत्परता के चलते अब तक 159 लोगों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकालकर किनारे तक पहुंचाया जा चुका है। वहीं, पानी में फंसे बाकी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। फिलहाल किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई पुष्टि नहीं हुई है। बचाव दल समुद्र में फंसे शेष लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News