Daily Suraj

हिन्दी

लुधियाना में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वर्ना कार ने सब्जी विक्रेता को कुचला, मौके पर ही मौत; 2 अन्य घायल

05 Nov, 2026 10:42 AM

लुधियाना के ईसा नगरी चौक में गुरुवार सुबह एक बेकाबू और तेज रफ्तार वर्ना कार ने बाइक सवार सब्जी विक्रेता को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में सब्जी विक्रेता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक ने सब्जी विक्रेता सहित कुल पांच लोगों को टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी रोकने के बजाय सब्जी विक्रेता को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। मृतक की पहचान ससराली कॉलोनी निवासी जगतार सिंह गोशा के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि कार की टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल सवार जगतार सिंह सड़क पर जा गिरे, जिसके तुरंत बाद कार उन्हें रौंदते हुए निकल गई। गंभीर रूप से चोटिल होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगतार सिंह गोशा अक्सर शहर के बाहरी ग्रामीण इलाकों से सब्जियां, मुख्य रूप से 'साग' लाकर लुधियाना के विभिन्न रिहायशी इलाकों में बेचने का काम करते थे। हादसे के समय भी वह अपनी मोटरसाइकिल पर किदवई नगर, इस्लाम गंज और ईसा नगरी इलाकों में सब्जी बेचने जा रहे थे। जैसे ही वह ईसा नगरी पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार वर्ना कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए और कार के नीचे कुचले गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी रमेश बांगड़ ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे घटनाक्रम को समझने और हादसे में शामिल कार व उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Latest News