Daily Suraj

हिन्दी

एशियाई खेल 2026: लवलीना ने रचा इतिहास, 12 साल बाद महिला मुक्केबाजी में भारत को दिलाया गोल्ड मेडल

02 Oct, 2026 01:06 PM

ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने शुक्रवार को एशियाई खेलों के महिला 75 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में चीन की जियी बाओ को शानदार तरीके से मात देते हुए भारत के लिए महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक का 12 साल लंबा इंतजार खत्म कर दिया। लवलीना ने चीनी मुक्केबाज पर शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और 5-0 के सर्वसम्मति फैसले से यह मुकाबला अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्होंने पिछले संस्करण में मिले रजत पदक को स्वर्ण में बदल दिया है, जहां उन्हें पिछले खेलों में एक अन्य चीनी मुक्केबाज ली छियान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस स्वर्ण पदक के साथ लवलीना एशियाई खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली महान मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम के बाद भारत की महज दूसरी महिला मुक्केबाज बन गई हैं। इससे पहले मैरीकॉम ने वर्ष 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों के दौरान फ्लाईवेट (51 किलोग्राम) वर्ग में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था। आईची-नागोया में चल रहे इन खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने अपने पिछले प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए कुल छह पदक पक्के कर लिए हैं। इस प्रतियोगिता में प्रिया घांघस (60 किलोग्राम), कपिल पोखरिया (90 किलोग्राम) और नरेंद्र बरवाल (+90 किलोग्राम) ने कांस्य पदक अपने नाम किए हैं, जबकि परवीन हुड्डा (65 किलोग्राम) और अंकुश पंघाल (80 किलोग्राम) स्वर्ण पदक के लिए मुकाबले में उतरेंगे। उल्लेखनीय है कि एशियाई खेलों के इतिहास में भारतीय मुक्केबाजी का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन साल 2010 के ग्वांगझू एशियाई खेलों में रहा था, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य सहित कुल नौ पदक जीते थे।

Latest News