तेज आंधी और गिरे पेड़ के कारण बस पलटी, 6 लोगों को चोटें
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के फाजिल्का जिले में डेरा ब्यास से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव घुबाया के पास हुआ, जिसमें छह यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात की है, जब श्रद्धालुओं से भरी बस डेरा ब्यास से फाजिल्का लौट रही थी। जैसे ही बस गांव घुबाया के नजदीक पहुंची, अचानक मौसम में बदलाव आ गया और तेज हवाएं चलने लगीं। इसी दौरान सड़क पर एक पेड़ गिर गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ों को तोड़ते हुए पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से 6 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को दूसरी बस के जरिए फाजिल्का भेजा गया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
Leave a Reply