पहली मानसूनी बारिश ने खोली प्रशासन की तैयारियों की पोल, कई इलाके जलमग्न
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब और हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही पंजाब के डेढ़ दर्जन से अधिक जिलों में बीती रात लगातार बारिश हुई। मध्यम से लेकर भारी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। हालांकि मानसून की पहली ही बारिश ने कई स्थानों पर स्थानीय प्रशासन की तैयारियों की भी पोल खोल दी। बारिश के कारण पंजाब के कई शहरों में सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं खेतों में जमा हुआ पानी धान की फसल के लिए लाभदायक माना जा रहा है। बारिश के असर से प्रदेश का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़ में 22 मिमी, अमृतसर में 39.8 मिमी, लुधियाना में 82.5 मिमी, पटियाला में 22.9 मिमी, बठिंडा में 56 मिमी, फरीदकोट में 71 मिमी, गुरदासपुर में 5.6 मिमी, नवांशहर में 2.2 मिमी, फिरोजपुर में 68 मिमी, होशियारपुर में 2.5 मिमी, मोगा में 57.5 मिमी, मोहाली में 21.5 मिमी, पठानकोट में 47 मिमी तथा रूपनगर में 13.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने 2 जुलाई से 7 जुलाई तक पंजाब में तेज हवाएं चलने और बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के लिए 7 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है।
Leave a Reply