हाईवे पर कार को घेरकर की गई गोलीबारी, पंजाबी छात्र की हत्या
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
कनाडा में रहने वाले पंजाबी मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना की पुष्टि मृतक के भाई पुनर सिंह ने की है। यह घटना 14 मार्च की दोपहर एडमिंटन शहर के पास स्थित लेडुक क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने हाईवे-2 पर एक कार को घेर लिया और उसके अंदर बैठे युवक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरइंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब का रहने वाला था और स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। पुलिस के अनुसार, उसने ओंटारियो में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद हाल ही में अल्बर्टा प्रांत में निर्माण क्षेत्र में काम शुरू किया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय बीरइंदर सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ लंबी ड्राइव पर निकला हुआ था। रिपोर्टों के मुताबिक, उसकी कार में एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। चश्मदीदों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावर एक सफेद या ग्रे रंग के पिकअप ट्रक में सवार थे। उन्होंने बीरइंदर सिंह की कार को रोका और उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस यह जांच कर रही है कि हमलावर पीड़ित को पहले से जानते थे या यह एक असंबंधित अपराध था। हत्या के पीछे का उद्देश्य अभी स्पष्ट नहीं है और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Leave a Reply