पीएम मोदी के स्वागत में पंजाब भाजपा का राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान, केवल सिंह ढिल्लों ने लिया हिस्सा
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यभर में चलाए गए स्वच्छता अभियान के तहत पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर के एक पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरे पंजाब में उत्साह और जोश के साथ स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा के 620 मंडलों में 3,100 से अधिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए, जिनमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए आ रहे हैं। उनके अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का विश्वस्तरीय विकास किया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। केवल सिंह ढिल्लों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास हो रहा है और पंजाब भी इस विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण भागीदार बनता जा रहा है।
Leave a Reply