जेल से चुनाव लड़ेंगे अमृतपाल सिंह के करीबी बसंत सिंह: 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' ने निहाल सिंह वाला से घोषित किया प्रत्याशी
पंजाब की राजनीति में 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' ने एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए मोगा जिले के निहाल सिंह वाला विधानसभा क्षेत्र से जेल में बंद युवा नेता बसंत सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। दौलतपुर गांव के रहने वाले बसंत सिंह दौलतपुरिया, खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के बेहद करीबी सहयोगी माने जाते हैं और वर्तमान में बठिंडा की केंद्रीय जेल में बंद हैं। संगठन द्वारा दो दिन पहले बसंत सिंह दौलतपुरिया को निहाल सिंह वाला क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया था, जिसके बाद से ही इस सीट से उनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही थी। अब पार्टी ने उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगा दी है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही इस क्षेत्र में शिरोमणि अकाली दल (बादल) द्वारा एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया था, जिसमें पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने अपने हलका प्रभारी राजविंदर सिंह धर्मकोट पर विश्वास जताया था। बसंत सिंह दौलतपुरिया के चुनावी मैदान में उतरने से निहाल सिंह वाला क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' द्वारा पूरे पंजाब में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करते हुए जिस तरह से जनसमर्थन जुटाया जा रहा है, उससे साफ संकेत मिलता है कि संगठन पूरी तैयारी के साथ आगामी विधानसभा चुनावों में उतरने जा रहा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau