पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ा जनसमूह
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, गुरमीत सिंह खुड्डियां, हरदीप सिंह मुंडियां, डॉ. रवजोत सिंह, ‘आप’ पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने चुनी लाल भगत को पंजाब की राजनीति की विलक्षण और महान शख्सियत बताया पंजाब के पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत की याद में आज एम.एस. फार्म, बस्ती पीरदाद, जालंधर में रखी गई श्रद्धांजलि सभा के दौरान लोगों की भारी भीड़ ने अपने लोकप्रिय नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान की धर्म पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान, कैबिनेट मंत्री और पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अमन अरोड़ा, वित्त मंत्री हरपाल चीमा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, डॉ. रवजोत सिंह, पंजाब पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली, आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी, विधायक बलकार सिंह, ब्रह्म शंकर जिंपा, मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, एस.एस.पी. हरविंदर सिंह विर्क और अन्य प्रमुख हस्तियों, नेताओं तथा समाज के हर वर्ग के लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धा के फूल अर्पित किए।
स्व. चुनी लाल भगत को याद करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, गुरमीत सिंह खुड्डियां, हरदीप सिंह मुंडियां, आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया और डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने उन्हें पंजाब की राजनीति की एक महान और विलक्षण शख्सियत बताया, जिन्होंने कड़ी मेहनत और ईमानदारी से मान-सम्मान हासिल किया। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया के चले जाने से भगत परिवार को अपूर्णीय क्षति पहुंची है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में निवास और परिवार को यह दुख सहन करने का बल बख्शे। स्वर्गीय चुनी लाल भगत के जीवन सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के बाद वह जालंधर आकर बसे, जहां परिवार ने खेलों के सामान के निर्यात का कारोबार स्थापित किया और इस क्षेत्र में नाम कमाया। इसके बाद वह सूबे की सक्रिय राजनीति में शामिल हुए और पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर बने। इसके उपरांत उन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि श्रद्धांजलि सभा में लोगों की भारी भीड़ भगत परिवार द्वारा कमाई असली दौलत है, जो चुनी लाल भगत की लोगों के साथ गहरे जुड़ाव का प्रतीक है।
उल्लेखनीय है कि चुनी लाल भगत का लंबी बीमारी के बाद 93 वर्ष की आयु में देहांत हो गया था। उन्हें जालंधर और दोआबा क्षेत्र के लोगों की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाएगा। वह कई बार जालंधर पश्चिमी हलके से विधायक चुने गए और कैबिनेट मंत्री के रूप में स्थानीय निकाय, चिकित्सा शिक्षा तथा वन और वन्यजीव संरक्षण सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। उन्हें ईमानदारी, पारदर्शिता और लोगों की सेवा के प्रति समर्पण के लिए भी याद किया जाएगा। वक्ताओं ने उनकी लोगों तक पहुंच और कार्यशैली को याद करते हुए कहा कि उनके दरवाजे लोगों के लिए हमेशा खुले रहते थे। उनके सुपुत्र कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा परिवार की लोक सेवा की विरासत को आगे जारी रखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्रियों ने यह भी भरोसा दिया कि पंजाब सरकार और समूची आम आदमी पार्टी की लीडरशिप इस दुख की घड़ी में मोहिंदर भगत और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। इस मौके पर चेयरमैन पंजाब सहकारी कृषि विकास बैंक पवन कुमार टीनू, उप चेयरमैन पंजाब गौ सेवा कमीशन कीमती भगत, चेयरमैन पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड मंगल बस्सी, चेयरमैन जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट रमनीक सिंह रंधावा, चेयरमैन मुस्लिम भलाई बोर्ड अब्दुल बाहरी सलमानी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, हलका इंचार्ज नितिन कोहली और संत समाज के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Posted By: Daily Suraj Bureau