Daily Suraj

हिन्दी

छह महीने से फरार विधायक हरमीत पठानमाजरा गिरफ्तार, पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

25 Mar, 2026 08:29 AM

पंजाब की राजनीति में उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया जब पिछले छह महीनों से फरार चल रहे विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को आखिरकार पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जा चुके पठानमाजरा पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी विधायक पिछले वर्ष 2 सितंबर से फरार था और उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस भी जारी किया गया था। पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि कानून से बचने की सभी कोशिशें अब विफल हो चुकी हैं और आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि पिछले 48 घंटों के भीतर यह दूसरा विधायक है जिसे गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले सोमवार को पूर्व जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में हिरासत में लिया गया था। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और यह स्पष्ट संदेश देती है कि कानून से कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितने भी ऊंचे पद पर क्यों न हो, बच नहीं सकता। सूत्रों के अनुसार, पटियाला पुलिस ने एक गोपनीय और योजनाबद्ध अभियान के तहत पठानमाजरा को पटियाला के नजदीक से गिरफ्तार किया। लुक-आउट नोटिस जारी होने के कारण वह नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। यह भी जानकारी सामने आई है कि उसने स्वयं अपनी गिरफ्तारी की पेशकश की थी। एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि एसपी वैभव चौधरी के नेतृत्व में पिछले 48 घंटों से चल रहे सटीक ऑपरेशन ने इस गिरफ्तारी को संभव बनाया। पुलिस की छह टीमें देश के सात राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ दिल्ली नेताओं के खिलाफ दिए गए बयानों के बाद उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News