ISIS प्रचार नेटवर्क से जुड़े तौहीद लतीफ सोफी को 5 साल की सख्त सजा, 12,000 रुपये का जुर्माना भी लगा
नई दिल्ली के राउज एवेन्यू जिला अदालत परिसर स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत-01 ने 'वॉयस ऑफ हिंद' आतंकी साजिश मामले में पांचवें आरोपी तौहीद लतीफ सोफी को दोषी करार दिया है। आरोपी द्वारा अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार किए जाने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। जांच एजेंसी के अनुसार, कोर्ट ने दोषी को 5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है और साथ ही 12,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह पूरा मामला भारतीय राज्य के खिलाफ हिंसक जिहाद छेड़ने के उद्देश्य से देश के प्रभावित होने वाले युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भर्ती करने के लिए आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) द्वारा रची गई साजिश से संबंधित है। विभिन्न संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय आईएसआईएस आतंकियों ने भारत में मौजूद अपने कैडरों के साथ मिलकर एक नेटवर्क तैयार किया था, जो फर्जी ऑनलाइन पहचान का इस्तेमाल करते हुए आतंकी प्रचार सामग्री फैलाने का काम करता था। एनआईए की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि साइबर इकाइयां और उनके सहयोगी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत-केंद्रित आईएसआईएस प्रचार पत्रिका 'सौत-अल-हिंद (द वॉयस ऑफ हिंद)' की सामग्री तैयार करने, संपादन करने, प्रकाशित करने और प्रसारित करने में शामिल थे। जांच एजेंसी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, यह नेटवर्क भारतीयों को सीरिया, इराक, अफगानिस्तान और अन्य संघर्ष वाले क्षेत्रों में तथाकथित 'हिजरत' (प्रवास) करने के लिए प्रेरित करने और सुविधा प्रदान करने में भी सक्रिय था। तफ्तीश के दौरान एनआईए ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद कर जब्त किए थे। जब्त की गई सामग्री में 'वॉयस ऑफ हिंद' की पीडीएफ (PDF) फाइलें, मारे गए आतंकियों के पोस्टर, कट्टरपंथी साहित्य, आईएसआईएस प्रचार के वेब लिंक और आईएसआईएस झंडे वाली टी-शर्ट शामिल है। इसके अतिरिक्त हथियारों की खरीद से जुड़ी चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग, मीडिया, वैचारिक व मनोवैज्ञानिक युद्ध सामग्री तथा संगठन के बैनर और झंडे भी बरामद किए गए थे। जांच एजेंसी ने बताया कि तौहीद लतीफ सोफी को दोषी ठहराए जाने और सजा सुनाए जाने के साथ ही इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपी अपना जुर्म कबूल करने के बाद दोषी करार दिए जा चुके हैं। मामले के अन्य आरोपियों के खिलाफ अदालती कार्यवाही अभी जारी है।