पंजाब में बढ़ते 'कॉन्ट्रैक्ट मैरिज' के मामलों पर IRCC का बड़ा कदम: फर्जी शादियों के जरिए कनाडा आने वालों पर रखी जाएगी कड़ी नजर

पंजाब में बढ़ते 'कॉन्ट्रैक्ट मैरिज' के मामलों पर IRCC का बड़ा कदम: फर्जी शादियों के जरिए कनाडा आने वालों पर रखी जाएगी कड़ी नजर

इमिग्रेशन आवेदनों की गहन जांच और वीजा नियमों में सख्ती के बीच, कनाडा के इमिग्रेशन अधिकारियों ने फर्जी शादियों (Marriage Fraud) के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के खिलाफ एक नई और सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने अपने नागरिकों, स्थायी निवासियों (PR) और विदेशी नागरिकों को आगाह किया है कि केवल कनाडा की नागरिकता या स्थायी निवास हासिल करने के उद्देश्य से बनाए गए 'स्वार्थी रिश्तों' के गंभीर कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। यह एडवाइजरी 'इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटीजनशिप कनाडा' (IRCC) द्वारा सोशल मीडिया पर जारी की गई है, जिसमें फर्जी शादियों और 'सुविधा के संबंधों' (relationships of convenience) के जरिए वीजा हासिल करने की कोशिशों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है। IRCC ने कनाडाई नागरिकों से अपील की है कि किसी जीवनसाथी को स्पॉन्सर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें—विशेषकर तब जब वह व्यक्ति हाल ही में मिला हो, तुरंत शादी का दबाव बना रहा हो, या उसका पहले भी कई बार विवाह हो चुका हो। इसके अलावा, यदि कोई अपने पारिवारिक पृष्ठभूमि या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से हिचकिचाता है, तो भी सावधान रहने की सलाह दी गई है। कनाडाई इमिग्रेशन विभाग के अनुसार, 'सुविधा का रिश्ता' वह होता है जो वास्तविक जीवनसाथी के रूप में रहने के बजाय केवल किसी विदेशी नागरिक को कनाडा पहुंचाने की नीयत से किया गया हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इमिग्रेशन अधिकारियों को ऐसी फर्जी शादियों की पहचान करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। दस्तावेजों की गहन जांच और साक्षात्कार (इंटरव्यू) जैसे माध्यमों से असली और फर्जी रिश्तों का पता लगाया जा रहा है। एडवाइजरी में चेतावनी दी गई है कि फर्जी शादी के आधार पर स्पॉन्सरशिप करने वाले कनाडाई नागरिकों या पीआर धारकों पर आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हो सकते हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब पंजाब में आईईएलटीएस (IELTS) 'कॉन्ट्रैक्ट मैरिज' और धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अक्सर ऐसे मामलों में पर्याप्त बैंड हासिल न कर पाने वाला युवक किसी योग्य युवती की पढ़ाई, टिकट और कनाडा में रहने का पूरा खर्च उठाता है, ताकि वह युवती कनाडा पहुंचकर उसे 'स्पाउस वीजा' (Spouse Visa) पर बुला सके। हालांकि, कनाडा पहुंचते ही कई मामलों में युवतियों द्वारा संबंध तोड़ लिए जाते हैं, जिससे पंजाब में कानूनी विवाद और पुलिस केस बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर, कनाडा सरकार ने अस्थायी निवासियों और स्टूडेंट वीजा पर निगरानी सख्त करते हुए इमिग्रेशन प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ये कदम उठाए हैं। इसके साथ ही, IRCC ने घरेलू हिंसा और उत्पीड़न का सामना कर रही महिलाओं तथा जीवनसाथियों को राहत देते हुए साफ किया है कि उनका इमिग्रेशन स्टेटस किसी हिंसक या उत्पीड़क साथी पर निर्भर नहीं है। वे किसी भी प्रताड़ना की स्थिति में अपना स्टेटस खोए बिना कानूनी मदद ले सकते हैं।