पार्टी के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, 13 साल के लड़के की जान गई

पार्टी के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, 13 साल के लड़के की जान गई

शहर के कृष्णा नगर इलाके में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान कथित रूप से चली गोली से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि की। यह घटना सोमवार शाम करीब 6:40 बजे कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एलडीए कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई। मृतक की पहचान उनैस खान के रूप में हुई है, जो अपने तीन अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ एक मित्र के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान जन्मदिन मना रहे 13 वर्षीय नवनीत त्रिपाठी ने कथित तौर पर बाहर खड़ी कार से अपने पिता का लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाला। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनैस की बाईं आंख के ऊपर लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि गोली किसी वयस्क ने मारी है और यह हादसा नहीं था। लखनऊ दक्षिण के पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल ने बताया कि घटना के बाद पार्टी में मौजूद तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2 मार्च को सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर निवासी उनैस खान की अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन पार्टी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवनीत त्रिपाठी कथित तौर पर हथियार के साथ वीडियो बना रहा था, तभी गोली चल गई। उनैस, स्टेला मारिस स्कूल का सातवीं कक्षा का छात्र था और अपने स्कूल की फुटबॉल टीम का कप्तान भी था। परिवार में उसकी मां समा सहरोज और एक बड़ा भाई हैं। उसके पिता जमीर खान ने बताया कि उनका बेटा रोजा रख रहा था और पार्टी में जाने के लिए इच्छुक नहीं था, लेकिन दोस्तों के कहने पर वह वहां गया। परिजनों ने भावुक होकर बताया कि उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली। उन्होंने दोहराया कि यह गोली दुर्घटनावश नहीं चली, बल्कि किसी वयस्क की संलिप्तता हो सकती है। वहीं, मृतक के चाचा समीर खान ने कहा कि परिवार ने पहले उसे भेजने से मना किया था, लेकिन दोस्तों के भरोसे पर वह पार्टी में शामिल हुआ।