मानसा के पास होली हार्ट स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त; चालक के दोनों पैर टूटे, एक बच्चे की हालत गंभीर

मानसा के पास होली हार्ट स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त; चालक के दोनों पैर टूटे, एक बच्चे की हालत गंभीर

पंजाब के मानसा में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां बच्चों से भरी एक स्कूल बस आगे चल रही पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) की बस से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में स्कूल बस में सवार लगभग 10 से 15 बच्चे घायल हो गए हैं, जिनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस के चालक के दोनों पैर टूट गए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायल बच्चों और चालक को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बरेटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस किशनगढ़ स्थित होली हार्ट पब्लिक स्कूल की थी, जो बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। पीआरटीसी बस के चालक के अनुसार, वह बस लेकर मानसा से जाखल की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बस के सामने एक बाइक सवार आ गया, जो कान पर मोबाइल फोन लगाकर गाड़ी चला रहा था। बाइक सवार को बचाने के लिए पीआरटीसी बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। बस के अचानक रुकने के कारण पीछे से आ रही होली हार्ट स्कूल की बस सीधे पीआरटीसी बस से जा टकराई। टक्कर के कारण स्कूल बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बस में सवार कई बच्चे चोटिल हो गए और चालक की टांगें बस में फंसने के कारण टूट गईं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।