Daily Suraj

हिन्दी

कांग्रेस को दिल्ली में दो दफ्तर खाली करने का अंतिम नोटिस

25 Mar, 2026 03:53 PM

कांग्रेस पार्टी को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित अपने दो पुराने दफ्तर खाली करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने पार्टी को 24, अकबर रोड और 5, रायसीना रोड स्थित दोनों कार्यालय 28 मार्च तक खाली करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, अकबर रोड स्थित बंगला वर्ष 1978 से कांग्रेस का मुख्यालय रहा है। करीब 48 वर्षों तक इसी स्थान से पार्टी की गतिविधियां संचालित होती रहीं और कई महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसले यहीं लिए गए। हालांकि, पिछले वर्ष कांग्रेस ने कोटला मार्ग स्थित इंदिरा भवन में अपना नया मुख्यालय स्थापित कर लिया था, लेकिन अकबर रोड का पुराना कार्यालय अब भी उपयोग में है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस कार्रवाई को “गैर-कानूनी और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस नोटिस के खिलाफ अदालत का रुख कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 24 अकबर रोड स्थित कार्यालय कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है और इससे पार्टी की कई महत्वपूर्ण यादें जुड़ी हुई हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस गंभीर नजर आ रही है और वरिष्ठ नेता आगे की रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि पार्टी सरकार के इस फैसले को अदालत में चुनौती दे सकती है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News