सोनिया गांधी ने किया इंस्टाग्राम पर डेब्यू: अपनी नई किताब 'बिंलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक की साझा

सोनिया गांधी ने किया इंस्टाग्राम पर डेब्यू: अपनी नई किताब 'बिंलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की पहली झलक की साझा

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर अपना आधिकारिक खाता (अकाउंट) बनाकर सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रखा है। अपने इस डेब्यू के साथ ही उन्होंने अपनी आगामी किताब का पहला लुक साझा किया, जिसे उन्होंने "प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनी जगह खोजने की एक कहानी" के रूप में परिभाषित किया है। उल्लेखनीय है कि यह सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी का पहला प्रत्यक्ष कदम है, क्योंकि इससे पहले उन्होंने इन प्लेटफॉर्म्स से दूरी बना रखी थी। अब तक उनके आधिकारिक संदेश, वीडियो बयान और पत्र कांग्रेस पार्टी के 'X' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के जरिए ही जारी किए जाते थे। इंस्टाग्राम पर अपना अकाउंट शुरू करते ही सोनिया गांधी ने सबसे पहले अपने बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक अकाउंट्स को फॉलो किया। वहीं, राहुल गांधी सहित कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेताओं ने भी पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को इंस्टाग्राम पर तुरंत फॉलो करना शुरू कर दिया और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपनी पहली पोस्ट में सोनिया गांधी ने अपनी आगामी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) की शुरुआती प्रतियां प्राप्त करने का एक वीडियो क्लिप साझा किया है। इस वीडियो में वे अपनी किताब की पहली कॉपियां मिलने की खुशी में अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मिठाइयां बांटती हुई नजर आ रही हैं। सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि उनकी इस किताब में कई अनदेखी तस्वीरें शामिल की गई हैं।