चमकौर साहिब में ड्रोन से जमीन मैपिंग करने पहुंची टीम का किसानों ने किया घेराव, जताई कॉरपोरेट फायदा पहुंचाने की आशंका
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
ड्रोन के माध्यम से किसानों की जमीनों की मैपिंग किए जाने की कार्रवाई को लेकर किसानों में भारी रोष उत्पन्न हो गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (खोसा) के जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह गधराम और शेर-ए-पंजाब यूनियन के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मैपिंग करने पहुंचे कर्मियों का घेराव किया और इस कदम का कड़ा विरोध जताया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों की जमीनों की ड्रोन मैपिंग को लेकर न तो किसानों को पहले कोई सूचना दी गई और न ही उन्हें विश्वास में लिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों की सहमति और जानकारी के बिना उनकी जमीनों की मैपिंग करने की क्या आवश्यकता है तथा इस कार्रवाई के पीछे सरकार का वास्तविक उद्देश्य क्या है। किसान नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे ऐसी किसी भी तरह की मैपिंग नहीं होने देंगे, जिससे भविष्य में कॉरपोरेट घरानों के हित सधने और किसानों के हितों को नुकसान पहुंचने की आशंका हो। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों से जुड़ी किसी भी कार्रवाई से पहले किसानों को पूरी जानकारी देना और उन्हें भरोसे में लेना अनिवार्य है। इस मामले को लेकर किसान नेताओं ने डीडीपीओ रूपनगर से भी बातचीत की, लेकिन वे भी किसानों को संतोषजनक उत्तर देने अथवा उनकी शंकाओं को दूर करने में सफल नहीं हो सके। किसानों ने कहा कि जब तक इस मैपिंग के उद्देश्य और इसके संभावित परिणामों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती, तब तक वे इस कार्रवाई का विरोध जारी रखेंगे। वहीं, इस संबंध में बात करने पर बीडीपीओ राजविंदर कौर ने बताया कि संबंधित कंपनी को जिले के विभिन्न गांवों में ड्रोन उड़ाने के लिए उपायुक्त रूपनगर द्वारा बाकायदा स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने ड्रोन कंपनी के कर्मचारियों से मैपिंग वाले गांवों का शेड्यूल मांगा है, ताकि उन गांवों के सरपंचों को ड्रोन मैपिंग शुरू होने से पहले सूचित किया जा सके।
Leave a Reply