विवादों से जुड़ा रहा नाम, कनाडा में पंजाबी मूल की इन्फ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की हत्या
कनाडा में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की उनके घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना की पुष्टि लासाल पुलिस ने की है। हालांकि यह हमला क्यों किया गया, इस बारे में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी एकत्रित किए जा रहे हैं। साथ ही आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार, लासाल में रहने वाली 45 वर्षीय नैंसी ग्रेवाल, जो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय थीं, पर मंगलवार रात हमला किया गया। घटना की सूचना अधिकारियों और पैरामेडिक्स को रात करीब 9:30 बजे से कुछ पहले टॉड लेन के 2400 ब्लॉक से मिली, जहां चाकू मारने की घटना की जानकारी दी गई थी। जब पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने नैंसी ग्रेवाल को गंभीर चाकू के घावों के साथ पाया। इसके बाद उन्हें तुरंत एसेक्स-विंडसर इमरजेंसी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई। बुधवार शाम को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में पुलिस ने पीड़िता के परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने कहा कि लासाल पुलिस सेवा नैंसी ग्रेवाल के परिवार और उनके करीबी लोगों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट करती है। हालांकि अब तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि इस मामले में किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं। कौन थीं नैंसी ग्रेवाल? नैंसी ग्रेवाल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय थीं। वह सिख राजनीति, बड़े राजनीतिक नेताओं और खास तौर पर डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख के खिलाफ अपनी तीखी और विवादास्पद टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं। उनकी वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होती थीं, जिसके कारण कई बार उन्हें लोगों के विरोध का भी सामना करना पड़ता था। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले पंजाब में भी एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या का मामला सामने आया था। पुलिस की जांच जारी बुधवार सुबह जांच अधिकारियों ने चल रही जांच के तहत कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच टॉड लेन पर स्थित दो घरों को घेर लिया। इनमें से एक घर के मुख्य दरवाजे तक जाने वाले कंक्रीट के रास्ते और सीढ़ियों पर कई सबूत चिह्नित किए गए। लासाल पुलिस इस हत्या के मामले में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति से आगे आने की अपील कर रही है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी या वीडियो निगरानी (सीसीटीवी) फुटेज है तो वह डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से 519-969-5210 एक्सटेंशन 2531 पर संपर्क करें।
Posted By: Daily Suraj Bureau