लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर जाट नेता को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला गिरफ्तार
जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी होने का दावा कर सोशल मीडिया पर एक जाट नेता को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए शामली के पुलिस कप्तान (एसपी) एन. पी. सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी बिंदु देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जाट नेता मुकुल चौधरी ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में कथित रूप से शामिल गैंगस्टरों की तत्काल तलाश और गिरफ्तारी की मांग की थी। इस मांग से नाराज होकर खुद को बिश्नोई की पत्नी बताने वाली महिला ने सोशल मीडिया पर मुकुल चौधरी के खिलाफ धमकी भरे संदेश पोस्ट किए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जाट नेता की शिकायत के आधार पर शामली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेसिंग के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला बिंदु देवी को गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गायक अंकित बालियान की हत्या और जाट नेता को मिली धमकियों के पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau