पायल अस्पताल में गायनी डॉक्टर की कमी, आशा वर्करों ने उठाई मांग
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
जिले के पायल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आशा वर्करों और आशा फैसिलिटेटरों ने अपनी मांगें उठाईं। पायल अस्पताल में गायनी डॉक्टर की कमी को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कार्यकर्ताओं ने संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की। किरनदीप कौर पंझोला (पंजाब प्रधान), कमलजीत कौर (जिला प्रधान लुधियाना), नीतू बाला (सीनियर उप प्रधान), भौली मलेरकोटला सहित पायल ब्लॉक की आशा वर्करों और फैसिलिटेटरों ने संयुक्त रूप से सीएचसी पायल पहुंचकर एसएमओ डॉ. हरविंदर सिंह को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे जच्चा-बच्चा टीकाकरण से संबंधित वैक्सीन को लाने और ले जाने का बहिष्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह कार्य उनके दायरे से बाहर है और उन्हें इसके लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। एसएमओ डॉ. हरविंदर सिंह ने आशा वर्करों को भरोसा दिलाया कि किसी भी कर्मचारी को वैक्सीन लाने या छोड़ने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही, आशा वर्करों और फैसिलिटेटरों की सुविधा के लिए सीएचसी पायल में जल्द ही सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त एक अलग कमरा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आशा वर्करों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। टीबी मरीजों से संबंधित कार्यों, जननी सुरक्षा योजना (JSY) और अन्य इंसेंटिव तथा वर्दी की भुगतान प्रक्रिया समय पर सुनिश्चित की जाएगी। जिन वर्करों के पहचान पत्र (आई कार्ड) नहीं बने हैं, उन्हें भी जल्द तैयार किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद सभी आशा वर्करों ने एसएमओ का धन्यवाद किया। इस मौके पर जसविंदर कौर, जसप्रीत कौर, करमजीत कौर, हरजीत कौर, नीलम रानी, कुलवंत कौर, जसवीर कौर, हरदीप कौर, बलजीत कौर, चरणजीत कौर, सरबजीत कौर, सुमनजीत कौर, संदीप कौर, राजविंदर कौर, किरणजीत कौर, मीना रानी सहित कई अन्य आशा वर्कर उपस्थित रहीं।
Leave a Reply