चीन के हैनान में भारी बारिश का कहर: 31,000 से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए, रेड अलर्ट जारी
चीन के दक्षिणी हैनान प्रांत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते उत्पन्न गंभीर स्थिति को देखते हुए संवेदनशील और जोखिम वाले इलाकों से 31,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रांतीय आपदा रोकथाम, शमन और राहत समिति की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम 7:50 बजे तक कुल 31,564 लोगों को पुनर्स्थापित किया जा चुका था। राहत की बात यह है कि इतनी भीषण बारिश के बावजूद अब तक किसी बड़े नुकसान या जान-माल की भारी तबाही की खबर नहीं है। मौसम विभाग और प्रांतीय आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे से रविवार शाम 4 बजे के बीच प्रांत के छह प्रमुख शहरों और काउंटियों के 24 कस्बों में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। इनमें वैनिंग, लिंगशुई और क्योंगहाई जैसे क्षेत्र प्रमुख रूप से प्रभावित हुए हैं। वैनिंग के चांगफेंग कस्बे में सबसे अधिक 452.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विशेषज्ञों ने रविवार रात से सोमवार तक और अधिक बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। आपातकालीन अलर्ट और प्रशासनिक कदम:बारिश के बढ़ते खतरे को देखते हुए हैनान प्रशासन ने रविवार सुबह 11 बजे बाड़-नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाकर 'लेवल II' कर दिया था। इसके बाद रविवार शाम 7 बजे वैनिंग शहर ने चीन की चार-स्तरीय आपातकालीन प्रणाली का सबसे उच्चतम स्तर यानी 'लेवल I' लागू कर दिया। वहीं दूसरी ओर क्योंगहाई, क्योंगजॉन्ग, वुजीशान, बाओटिंग और लिंगशुई जैसे क्षेत्रों में 'लेवल II' आपातकालीन प्रतिक्रिया के तहत काम जारी है। सुरक्षात्मक उपायों के तहत प्रभावित छह शहरों और काउंटियों में सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही आठ शहरों और काउंटियों में प्रमुख पर्यटन स्थलों को आम जनता और पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने जलभराव और भूस्खलन से प्रभावित सड़कों पर यातायात नियंत्रण और आवाजाही से जुड़ी पाबंदियां भी लगाई हैं। बचाव दल और राहत सामग्रियां तैनात:स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए फायर और रेस्क्यू टीमों को प्रमुख क्षेत्रों में पहले से तैनात किया गया है। वैनिंग, क्योंगहाई और लिंगशुई में अतिरिक्त बचाव कर्मियों के साथ-साथ बड़े जल-निकासी (ड्रेनेज) उपकरण भेजे गए हैं। बिजली और दूरसंचार विभागों ने भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने और बाधित सेवाओं की तुरंत मरम्मत के लिए आवश्यक उपकरण व टीमें तैयार रखी हैं। उल्लेखनीय है कि इस साल के 19वें तूफान 'नारा' (Narra) के दक्षिणी चीन की ओर बढ़ने की भविष्यवाणी के बाद जल संसाधन मंत्रालय और चीन मौसम विज्ञान प्रशासन ने संयुक्त रूप से दक्षिण-पूर्वी हैनान में फ्लैश फ्लड के लिए 'ब्लू अलर्ट' और भूगर्भीय आपदाओं के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया था। अधिकारियों का कहना है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि बाढ़, शहरी जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं से लोगों का बचाव किया जा सके।
Posted By: Daily Suraj Bureau