तीन कारों पर पलटा टिपर, ड्राइवर फरार, पुलिस जांच में जुटी
अमृतसर बाईपास पर आज सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जब रेत से भरा एक टिपर तीन कारों पर पलट गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान चंदन मल्होत्रा निवासी रेलवे मंडी, होशियारपुर और सुरेश कुमार निवासी भारत नगर, नाभा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टिपर अचानक फुटपाथ पर चढ़ गया और नियंत्रण खोने के बाद पास से गुजर रही कारों पर पलट गया। घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इस हादसे के कारण लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau