Daily Suraj

हिन्दी

जालंधर में निजी अस्पताल के बाहर युवक को गोली, हालत गंभीर

25 Feb, 2026 03:16 PM

जालंधर के कलियां कॉलोनी इलाके में एक निजी अस्पताल के बाहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई है। इस हमले में शिव नगर निवासी सौरभ सिंह के पेट में गोली लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए घायल सौरभ के छोटे भाई बॉबी ने बताया कि वह टूर एंड ट्रैवल का काम करता है और उसका कार्यालय एक अस्पताल के पास स्थित है। बीती रात वह एक परिचित का हालचाल जानने के लिए अस्पताल गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते वहां पहले से मौजूद कुछ बदमाशों ने उसके एक दोस्त पर हमला कर दिया। बॉबी के अनुसार, उसका दोस्त अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल के अंदर भाग गया। जब बॉबी ने बीच-बचाव करने और माहौल शांत करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले की सूचना मिलते ही बॉबी का बड़ा भाई सौरभ सिंह मौके पर पहुंचा। जैसे ही उसने अपने भाई को बचाने की कोशिश की, हमलावरों ने देसी पिस्तौल से उस पर गोली चला दी। गोली सौरभ के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद बॉबी अपने घायल भाई को तुरंत अस्पताल लेकर गया और पुलिस को सूचना दी। मामले में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सौरभ की हालत नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News