गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन: कार ने महिला बाइकर को मारी टक्कर, खौफनाक वीडियो वायरल
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार सफेद सेडान कार ने महिला बाइकर के मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार लोग गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर @rebelwheels_sia_ के नाम से पहचानी जाने वाली पीड़ित महिला बाइकर ने यह वीडियो खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह की राइड के दौरान एक सफेद सेडान कार ने तेज रफ्तार और आक्रामक तरीके से उनके राइडिंग ग्रुप का पीछा करना शुरू कर दिया था। महिला बाइकर के अनुसार, उन्होंने कार चालक को सुरक्षित दूरी बनाए रखने का इशारा किया था, लेकिन कार सवार उन्हें बार-बार रुकने का इशारा करते रहे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कार में सवार लोग शराब के नशे में लग रहे थे। जैसे ही महिला ने अपनी बाइक को दूर ले जाने का प्रयास किया, कार सवारों ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई, जबकि कार उनकी बाइक को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़िता ने लिखा, "मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन आज मैंने गुरुग्राम की सड़कों पर खुद को असुरक्षित महसूस किया। ऐसे लोगों में किसी को टक्कर मारकर भाग जाने का कोई खौफ नहीं होता।" इस हादसे में घायल हुई महिला बाइकर को तुरंत इलाज के लिए गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। दूसरी ओर, वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply