सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर आज करेंगे सानिया चंडोक से शादी, मुंबई में भव्य समारोह
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन तेंदुलकर आज मुंबई में सानिया चंडोक के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस भव्य विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मेहमानों का आगमन शुरू हो चुका है। जानकारी के अनुसार, शादी से जुड़े कार्यक्रम 3 मार्च से ही शुरू हो गए थे। इससे पहले 27 फरवरी को गुजरात के जामनगर में अंबानी परिवार के घर इस जोड़े का प्री-वेडिंग समारोह आयोजित किया गया था। अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी। सानिया चंडोक ग्रैविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं। वह अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी दोस्त भी बताई जाती हैं। इस खास मौके पर कई प्रसिद्ध हस्तियां समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंच चुकी हैं। बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन के साथ समारोह में पहुंचे। उनके साथ अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन भी मौजूद रहे। क्रिकेट जगत से भी कई दिग्गज हस्तियां समारोह में शामिल हुईं। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ पहुंचे। इसके अलावा पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और अनिल कुंबले भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह में क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना और हरभजन सिंह भी शामिल हुए। इनके अलावा प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले, क्रिकेटर युवराज सिंह अपनी पत्नी हेज़ल कीच के साथ समारोह में पहुंचे। पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान अपनी पत्नी सागरिका घाटगे के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा अभिनेता फरहान अख्तर, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा भी अपनी पत्नी के साथ समारोह में पहुंचे। पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान और इरफान पठान भी अपनी पत्नियों के साथ समारोह में शामिल हुए। पूर्व महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी अपनी पत्नी के साथ इस विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे। मुंबई में आयोजित यह विवाह समारोह क्रिकेट, फिल्म और उद्योग जगत की कई नामी हस्तियों की मौजूदगी के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
Leave a Reply