रियल कश्मीर एफसी ने डेंपो एससी को 3-1 से हराकर दर्ज की सीजन की पहली जीत, सुसनाता मलिक बने 'मैन ऑफ द मैच'
रियल कश्मीर एफसी ने सोमवार को श्रीनगर के टीआरसी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान शानदार लय में चल रही डेंपो एससी को 3-1 से पराजित कर स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। मेजबान टीम ‘स्नो लेपर्ड्स’ की ओर से रोहेन सिंह, एलेन अयेंगा और मार्कस जोसेफ ने गोल दागे, जबकि डेंपो के लिए एकमात्र गोल रोलिन बोरजेस ने किया। इस जीत के साथ रियल कश्मीर पांच अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है, वहीं डेंपो नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। शानदार बचाव करने वाले रियल कश्मीर के गोलकीपर सुसनाता मलिक को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मेजबान टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए 19वें मिनट में लालाम्पुईया सैलो के पास पर रोहेन सिंह के गोल की बदौलत बढ़त बनाई। 23वें मिनट में कप्तान मार्कस जोसेफ का शॉट डेंपो के गोलकीपर सुभजीत भट्टाचार्य ने रोक लिया, लेकिन 33वें मिनट में शॉर्ट कॉर्नर के दौरान एलेन अयेंगा ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि, दो मिनट बाद ही लक्ष्मणराव राणे के क्रॉस पर रोलिन बोरजेस ने गोल दागकर डेंपो के लिए अंतर को 2-1 कर दिया।दूसरे हाफ में डेंपो ने बराबरी हासिल करने के लिए लगातार दबाव बनाया। 54वें मिनट में बोरजेस की फ्री-किक और 58वें मिनट में कप्तान रिचमंड ओवुसू के क्रॉस पर बोरजेस के हेडर को गोलकीपर सुसनाता मलिक ने बेहतरीन तरीके से नाकाम किया। 70वें मिनट में एलेन अयेंगा ने अर्नोल्ड ओलिवीरा का शॉट रोका, जबकि 80वें मिनट में डेंपो के गोलकीपर सुभजीत ने सैलो और जोसेफ के हमलों को बेअसर कर दिया।मुकाबले के 87वें मिनट में थाबिसो ब्राउन और स्थानापन्न खिलाड़ी लालरोकीमा के बेहतरीन तालमेल वाली मूव पर मार्कस जोसेफ ने तीसरा गोल दागकर रियल कश्मीर की 3-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।