पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर: ED के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह का राजनीति में प्रवेश तय हो गया है। वह जल्द ही 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' पार्टी में शामिल होकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। दोनों पक्षों के बीच पार्टी में शामिल होने को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, निरंजन सिंह बुधवार को जालंधर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होने की घोषणा करेंगे। इस सिलसिले में 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली और बापू तरसेम सिंह ने जालंधर की अटवाल कॉलोनी स्थित निरंजन सिंह के आवास पर पहुंचकर एक गुप्त बैठक की। इस बैठक में पार्टी नेता बाबू सिंह बराड़ और पूर्व डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों भी मौजूद थे। बैठक में निरंजन सिंह ने पार्टी में शामिल होने की सहमति दे दी है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी उन्हें करतारपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतार सकती है। पार्टी नेताओं का मानना है कि एक स्वच्छ छवि वाले पूर्व अधिकारी के आने से दोआबा क्षेत्र में पार्टी को बड़ा सियासी फायदा होगा। उल्लेखनीय है कि ED अधिकारी के रूप में निरंजन सिंह उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने बहुचर्चित भोला ड्रग केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच की थी। उस जांच के दौरान उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के दो पूर्व मंत्रियों से पूछताछ भी की थी। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने उनका तबादला कोलकाता कर दिया था, जिस पर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी थी। निरंजन सिंह मई 2021 में जालंधर से अपने पद से सेवानिवृत्त हुए थे। जानकारी के मुताबिक, 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' ऐसे अन्य पूर्व अधिकारियों और नौकरशाहों से भी संपर्क साध रही है जिनकी सेवा के दौरान बेदाग और साफ-सुथरी छवि रही है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्टी का नेतृत्व कर रहे मनप्रीत सिंह अयाली से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
Leave a Reply