मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिंगापुर ट्रेनिंग के लिए प्रिंसिपलों के नए बैच को दिखाई हरी झंडी
पंजाब की स्कूल शिक्षा को विश्वस्तरीय बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में 30 प्रिंसिपलों का आठवां बैच प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर रवाना किया गया है। इस बैच को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस भी मौजूद रहे। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार की इस योजना के तहत 30 प्रिंसिपल सिंगापुर जाकर प्रोफेशनल टीचिंग और स्कूल प्रबंधन से जुड़ा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इससे वे आधुनिक शिक्षा पद्धतियों और प्रबंधन कौशल को सीखकर राज्य के सरकारी स्कूलों में लागू कर सकेंगे। पंजाब सरकार पहले भी इसी पहल के तहत विभिन्न देशों में प्रिंसिपलों और शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। अब तक कुल सात बैच विदेशों में प्रशिक्षण के लिए भेजे जा चुके हैं, जबकि यह आठवां बैच सिंगापुर के लिए रवाना किया गया है। सरकार का मानना है कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों से शिक्षकों और प्रिंसिपलों को नई शिक्षण तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau