Daily Suraj

हिन्दी

बंबीहा गैंग के नाम पर धमकी, परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी

20 Mar, 2026 08:02 AM

चंडीगढ़ में बंबीहा गैंग की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। पिछले तीन दिनों में तीन बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जो सभी गैंगस्टर लक्की पटियाल के नाम से जुड़ी बताई जा रही हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी में SOPU नेता जशनदीप पर फायरिंग और सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत की हत्या के बाद अब एक और मामला सामने आया है। ताजा घटना में सेक्टर-9 के एक सैलून मालिक से ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। सेक्टर-34 थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सैलून मालिक को बुधवार शाम करीब 6:43 बजे एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर लक्की पटियाल बताया और दावा किया कि उसे सैलून मालिक के कारोबार की पूरी जानकारी है। आरोपी ने ₹1 करोड़ की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। जब सैलून मालिक ने इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने पहले ₹50 लाख तुरंत और बाकी ₹50 लाख बाद में देने के लिए कहा। साथ ही पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी साउथ और सेक्टर-34 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अंतरराष्ट्रीय नंबर और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साइबर सेल भी इस मामले की जांच में जुटा हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी की पहचान होते ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News