दिल्ली में प्रेम संबंधों को लेकर 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, तीन नाबालिग हिरासत में
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोलड़बंद इलाके में प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे बदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 40 फुट रोड, मोलड़बंद की गली नंबर 4 स्थित पांडे मेडिकल स्टोर के पास झगड़े और चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी मृतक किशोर का एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि लड़की के भाई ने रंजिश के चलते किशोर को बातचीत के बहाने घटनास्थल पर बुलाया था। मृतक भी अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के दौरान आरोपियों ने किशोर के सीने और पेट पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल किशोर को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। शुरुआत में उसकी हालत अत्यंत गंभीर बताई गई, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए तीनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau